आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने संभाला नैनीताल एसएसपी का कार्यभार, अधिकारियों ने किया स्वागत

आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने संभाला नैनीताल एसएसपी का कार्यभार, अधिकारियों ने किया स्वागत

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

वर्ष 2017 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर नवनियुक्त एसएसपी अर्पण यदुवंशी को सलामी गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके उपरांत नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। अर्पण यदुवंशी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।

अपने अब तक के सेवाकाल में अर्पण यदुवंशी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी) के पद पर रहते हुए उन्होंने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में कानून-व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे से संबंधित अपराधों की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाई।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के पद पर करीब ढाई वर्षों तक उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी कार्य किया।

उत्तरकाशी में अपने कार्यकाल के दौरान अर्पण यदुवंशी ने देश-दुनिया में चर्चित सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में घटना कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। विभिन्न बचाव एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के सेनानायक के रूप में करीब दो वर्षों तक उन्होंने बल का नेतृत्व किया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन की जिम्मेदारी संभाली। अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि करीब 17 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

उनके नेतृत्व में एसडीआरएफ उत्तराखंड का पहला ऐसा आपदा प्रतिवादन बल बना, जिसे आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। उनके कार्यकाल में करीब एक लाख 80 हजार लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन पर व्याख्यान भी दिए।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आईपीएस अर्पण यदुवंशी को प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

अर्पण यदुवंशी के नैनीताल एसएसपी का कार्यभार संभालने के बाद उनके प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता से जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद है। अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, नशा तस्करी की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अब सभी की निगाहें नवनियुक्त एसएसपी की कार्ययोजना पर रहेंगी।