एसपी सुरजीत सिंह पंवार को चमोली पुलिस ने दी भावभीनी विदाई, आपदा प्रबंधन और सुरक्षित यात्रा संचालन में रहा उल्लेखनीय योगदान

एसपी सुरजीत सिंह पंवार को चमोली पुलिस ने दी भावभीनी विदाई, आपदा प्रबंधन और सुरक्षित यात्रा संचालन में रहा उल्लेखनीय योगदान

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के स्थानांतरण पर चमोली पुलिस परिवार की ओर से भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। 29 अक्टूबर 2025 को चमोली के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने वाले सुरजीत सिंह पंवार ने अपने कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और पुलिस को आमजन के करीब लाने पर विशेष ध्यान दिया। विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए समय और कार्यकाल की उपलब्धियों को याद किया।

एसपी सुरजीत सिंह पंवार के कार्यकाल में तमक नाला मलारी की आपदा और पीपलकोटी टीएचडीसी टनल हादसे के दौरान उनका नेतृत्व उल्लेखनीय रहा। दोनों घटनाओं में उन्होंने स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली। जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने और आपदा प्रभावितों तक राहत पहुंचाने में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

ऐतिहासिक मां नंदा जात यात्रा के सुरक्षित एवं सफल संचालन में भी पुलिस अधीक्षक का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर पुलिस बल की तैनाती और बेहतर समन्वय के माध्यम से आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।

चारधाम यात्रा वर्ष 2026 भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही। इस वर्ष 23 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए, जबकि तीन लाख 90 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री हेमकुंड साहिब में मत्था टेका। दोनों धामों में कुल 27 लाख 40 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। भारी यातायात दबाव, मौसम की चुनौतियों और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच पुलिस ने यात्रा के सुरक्षित संचालन के साथ फूलों की घाटी पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा।

जून 2026 में हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग में निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उत्पन्न विवाद को शांत कराने में भी सुरजीत सिंह पंवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संवेदनशील परिस्थितियों में संवाद और आपसी समन्वय के माध्यम से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली। इसके अलावा गैरसैंण विधानसभा सत्रों और विभिन्न वीवीआईपी कार्यक्रमों के दौरान भी उनके नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्थाओं का संचालन किया गया।

मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत उनके कार्यकाल में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ विद्यालयों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाए गए। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति के तहत दूरस्थ क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच बढ़ाई गई। डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और फर्जी निवेश के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के साथ साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के प्रयास भी किए गए। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों में भी साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सुरजीत सिंह पंवार के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में स्वयं आगे बढ़कर नेतृत्व करना, टीम के प्रत्येक सदस्य पर विश्वास रखना और आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं रहीं।

अपने विदाई संबोधन में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चमोली पुलिस परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चमोली में बिताया गया समय उनके लिए सदैव यादगार रहेगा। जनपद में हासिल की गई उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि चमोली हमेशा उनके हृदय में बसा रहेगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी अनुशासन, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।

समारोह के अंत में चमोली पुलिस परिवार की ओर से सुरजीत सिंह पंवार को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना की। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि, अधिवक्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।