देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों पर राज्य स्तरीय कार्यशाला, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर

देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों पर राज्य स्तरीय कार्यशाला, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून के एक निजी होटल में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग तथा उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का लाभ उठाना-आउटरीच कार्यक्रम’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के औद्योगिक विकास और निर्यात की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यशाला के दौरान कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और उनका मूल्य संवर्धन करने के विभिन्न पहलुओं पर कार्यशाला में मंथन किया गया।

उन्होंने बताया कि कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (अपेडा) की ओर से भी कार्यशाला में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखते हुए प्रदेश के औद्योगिक विकास और निर्यात को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कार्यशाला में प्राप्त सुझावों से उत्तराखंड के लिए और बेहतर एमएसएमई नीति तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसका दूरगामी लाभ प्रदेश के उद्यमियों और औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा।

भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले पांच-छह वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से निवेशक उत्तराखंड आए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं और आने वाले समय में एमएसएमई कारोबारियों को इसका लाभ मिलेगा।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के उद्यमियों, निर्यातकों और किसानों को विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों की जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और निर्यात के नए अवसर तलाशने पर जोर दिया गया।

विदेश व्यापार के अपर महानिदेशक (डीजीएफटी) निखिल वर्मा ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर एक ऐसा रोडमैप तैयार कर रही हैं, जिससे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद और सेवाएं वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित हो सकें और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना सकें।

वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव एवं उत्तराखंड के नोडल अधिकारी अमित वर्मा ने बताया कि भारत का लक्ष्य वर्ष 2030 तक निर्यात को दो ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में उत्तराखंड के फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पादों और वेलनेस उत्पादों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

कार्यशाला में स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन, गुणवत्ता सुधार, निर्यात के अवसरों और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इस पहल से प्रदेश के उद्यमियों, किसानों और निर्यातकों के लिए व्यापार के नए अवसर खुलने तथा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।