देहरादून में ‘वैली ऑफ वर्ड्स’ साहित्य एवं कला महोत्सव का आगाज, अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने किया उद्घाटन

देहरादून में ‘वैली ऑफ वर्ड्स’ साहित्य एवं कला महोत्सव का आगाज, अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने किया उद्घाटन

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून में साहित्य और कला महोत्सव ‘वैली ऑफ वर्ड्स’ के दसवें संस्करण का शुभारंभ हो गया है। तीन दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने किया। उद्घाटन के साथ ही साहित्यिक चर्चाओं, पुस्तक विमोचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हो गया है।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने महोत्सव के सफलतापूर्वक दस वर्ष पूरे होने पर आयोजकों और फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. संजीव चोपड़ा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने साहित्य और कला को बढ़ावा देने की दिशा में इस आयोजन को महत्वपूर्ण बताया।

पेमा खांडू ने कहा कि बीते दस वर्षों में ‘वैली ऑफ वर्ड्स’ ने लेखकों, इतिहासकारों, साहित्यकारों और कलाकारों को एक मंच पर लाकर संवाद एवं विचारों के आदान-प्रदान का बेहतर अवसर प्रदान किया है। इस तरह के आयोजन साहित्य और संस्कृति को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने महोत्सव को नई पीढ़ी के लिए बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से लेखक इस आयोजन में पहुंचे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह महोत्सव एक मजबूत साहित्यिक संस्था के रूप में विकसित होगा।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भविष्य में साहित्य अकादमी और ‘द प्रिंट’ के सहयोग से अरुणाचल प्रदेश में भी इसी तरह का साहित्यिक आयोजन कराने का न्योता दिया। उनकी इस पहल से दोनों हिमालयी राज्यों के बीच साहित्यिक और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वहीं, फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. संजीव चोपड़ा ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा देहरादून में महोत्सव का उद्घाटन किया जाना दो हिमालयी क्षेत्रों का सुंदर संगम है। उन्होंने आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक और साहित्यिक विविधता को महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. संजीव चोपड़ा ने बताया कि महोत्सव में विद्यार्थियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। साहित्यिक परिचर्चाओं और पुस्तक विमोचन के साथ ही कुचिपुड़ी समेत विभिन्न शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय साहित्य एवं कला महोत्सव पूरी तरह निःशुल्क है। उन्होंने देहरादून के साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे आगामी दो दिनों में भी महोत्सव में पहुंचकर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का लाभ उठाएं।

‘वैली ऑफ वर्ड्स’ के दसवें संस्करण में साहित्य, कला, इतिहास और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह महोत्सव नई पीढ़ी को साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ ही लेखकों, कलाकारों और पाठकों के बीच संवाद का अवसर प्रदान करेगा।