नैनीताल के नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने गिनाईं प्राथमिकताएं, यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

नैनीताल के नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने गिनाईं प्राथमिकताएं, यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में पुलिस प्रशासनिक फेरबदल के बीच आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने जनपद की यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ कार्रवाई को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि हल्द्वानी को कुमाऊं का प्रवेश द्वार कहा जाता है। यहां वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यातायात की समस्या बनी रहती है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम ने नैनीताल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

एसएसपी ने बताया कि कैंची धाम सहित जनपद के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। यातायात की समस्याओं का आकलन करते हुए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना न करना पड़े।

महिला सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकताओं के अनुरूप महिला सुरक्षा और महिला अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए नैनीताल पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता देगी। नशा तस्करी की रोकथाम और जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।

पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच संबंधों को लेकर एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि पुलिस और पत्रकारों का रिश्ता मित्रवत एवं सहयोगात्मक होता है। दोनों ही अपने-अपने स्तर पर समाज और आमजन की सेवा करते हैं तथा जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर संवाद एवं आपसी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना है कि दोनों के बीच सकारात्मक सहयोग से जनहित से जुड़े विषयों और समस्याओं के समाधान की दिशा में बेहतर प्रयास किए जा सकते हैं।

नैनीताल जनपद की कमान संभालने के साथ ही नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। यातायात व्यवस्था में सुधार, महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस व मीडिया के बीच बेहतर समन्वय उनके कार्यकाल के प्रमुख बिंदु रहेंगे। अब सभी की निगाहें इन प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के लिए तैयार की जाने वाली कार्ययोजना पर टिकी हैं।