
स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने मंगलवार को कोतवाली लालकुआँ का वार्षिक निरीक्षण किया।


गार्द सलामी लेने के बाद उन्होंने कार्यालय, मालखाना, बैरक, हवालात और भोजनालय का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और अभिलेख व्यवस्थित पाए गए।

एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को शस्त्रों की जानकारी देते हुए नियमित शस्त्राभ्यास के निर्देश दिए। कोतवाली के शहर एवं ग्राम अपराध रजिस्टर और त्योहार रजिस्टर को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।

महिला हेल्पडेस्क का निरीक्षण कर शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।


आपदा उपकरणों की जांच कर उनके बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वारंटों की तामीली और मुकदमाती वाहनों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।

एसपी सिटी ने ऑनलाइन जीडी और विभिन्न पोर्टलों को अपडेट रखने, नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई

और क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आगंतुकों व शिकायतकर्ताओं से शालीन व्यवहार तथा बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर बल दिया।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी ब्रजमोहन राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज शंकर नयाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

