
स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

डिप्लोमा इंजीनियरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है।


मंगलवार को कंडोलिया स्थित लोनिवि सभागार में आयोजित बैठक में महासंघ की चार शाखाओं से जुड़े सदस्यों ने हिस्सा लिया

और 18 फरवरी को गढ़वाल मंडल के सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से डिप्लोमा इंजीनियरों की समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है,


लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कनिष्ठ अभियंताओं की वेतन विसंगति दूर करने, पूर्व की भांति तीन पदोन्नति बहाल करने,

पुरानी पेंशन योजना लागू करने, उत्तराखंड पेयजल निगम और जल संस्थान के एकीकरण, विभागीय कार्यों के लिए लैपटॉप/कंप्यूटर उपलब्ध कराने समेत 27 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 18 फरवरी को गढ़वाल मंडल के सभी जिलों में व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक में जनपद अध्यक्ष कौशिद अली, जनपद सचिव पूजा नेगी, शाखा अध्यक्ष सुमित नेगी, कुंवर सिंह रावत, मयंक शैली, बृजमोहन नेगी, शिवम कुमार, राहुल लखेड़ा, दीपेंद्र रावत सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

