जंगली हाथी से शरारत करने वाले युवक का दूसरा वीडियो वायरल, हादसे में गंभीर घायल

जंगली हाथी से शरारत करने वाले युवक का दूसरा वीडियो वायरल, हादसे में गंभीर घायल

स्थान : हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

कनखल के जगजीतपुर क्षेत्र में जंगली हाथी से शरारत करने वाले युवक का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

पहले वीडियो के बाद अब सामने आए नए फुटेज ने घटना की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।

वायरल वीडियो में युवक शांत गति से चल रहे जंगली हाथी के पीछे स्कूटी से टक्कर मारते हुए दिखाई दे रहा है।

हाथी के उकसाने पर उसने पलटकर युवक की ओर हमला करने की कोशिश की।

हाथी को अपनी ओर आता देख युवक ने स्कूटी की रफ्तार तेज कर दी, लेकिन घबराहट में उसका नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उठाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जगजीतपुर और आसपास के क्षेत्रों में जंगली हाथियों की आवाजाही आम बात है। बावजूद इसके कुछ लोग सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने या रोमांच के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं।

वन विभाग और प्रशासन लगातार लोगों से वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील करते रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि जंगली जानवरों की प्रतिक्रिया अप्रत्याशित होती है और एक छोटी सी शरारत जानलेवा साबित हो सकती है।

लगातार चेतावनियों के बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। सवाल उठ रहा है कि क्या लोग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, या समय रहते जिम्मेदारी समझेंगे।