स्कूटी सवार की शरारत से टला बड़ा हादसा, जंगली हाथी से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल

स्कूटी सवार की शरारत से टला बड़ा हादसा, जंगली हाथी से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल

स्थान : हरिद्वार,

रिपोर्टर : धर्मराज

कनखल के जगजीतपुर क्षेत्र में एक युवक की लापरवाही ने कुछ पल के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया। शांत स्वभाव से सड़क किनारे गुजर रहे जंगली हाथी को एक स्कूटी सवार युवक ने कथित तौर पर पीछे से छेड़ने की कोशिश की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक ने स्कूटी से हाथी के पीछे टक्कर जैसी हरकत की। इसके बाद हाथी ने पलटकर युवक की ओर तेजी से बढ़ते हुए हमला करने का प्रयास किया। हालांकि संयोगवश युवक बाल-बाल बच गया और उसे कोई चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना कुछ ही सेकंड में जानलेवा रूप ले सकती थी। जिस तरह हाथी ने प्रतिक्रिया दी, उससे साफ है कि यदि युवक थोड़ा भी नजदीक होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।

जगजीतपुर और आसपास के क्षेत्रों में अक्सर जंगली हाथियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में इस तरह की शरारत न केवल व्यक्ति की जान जोखिम में डालती है, बल्कि आसपास मौजूद अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा करती है।

वन विभाग ने पहले भी स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचें। अधिकारियों का कहना है कि जंगली जानवर अप्रत्याशित प्रतिक्रिया दे सकते हैं, जिससे गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने युवक की हरकत को गैरजिम्मेदाराना बताया है। कई लोगों का कहना है कि ‘रील’ और लोकप्रियता के चक्कर में इस तरह जान जोखिम में डालना बेहद खतरनाक प्रवृत्ति है।

विशेषज्ञों का मानना है कि रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती मौजूदगी के बीच आमजन को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है।