लंढौरा में ईंटों से भरा ट्रक पलटा, ट्रांसफार्मर गिरने से मची अफरातफरी

लंढौरा में ईंटों से भरा ट्रक पलटा, ट्रांसफार्मर गिरने से मची अफरातफरी

स्थान : लंढौरा

ब्यूरो रिपोर्ट

लंढौरा में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ईंटों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।

ट्रक के पलटते ही पास में खड़े विद्युत पोल और उस पर लगे ट्रांसफार्मर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार लंढौरा निवासी जावेद ईंटों की ढुलाई का कार्य करता है। मंगलवार करीब चार बजे वह मंगलौर मार्ग पर लोड से भरे ट्रक को सड़क किनारे साइड में लगा रहा था।

इसी दौरान सड़क किनारे बने नाले में ट्रक का एक पहिया गिर गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर ट्रक पलट गया।

ट्रक के पलटते ही पास में खड़े दो विद्युत पोल टूट गए और ट्रांसफार्मर नीचे गिर पड़ा। घटना के समय क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी चालू थी,

जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर और पोल क्षतिग्रस्त होने से करीब 15 घरों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई है।

सूचना मिलते ही बिजली विभाग और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गए।

प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने नालों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।