
स्थान – खटीमा/उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार
उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा में बुधवार 4 फरवरी को संपन्न हुए उद्योग व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना के दौरान देर शाम भारी हंगामा हो गया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि खटीमा के उप जिलाधिकारी तुषार सैनी को स्वयं हाथ में डंडा लेकर उपद्रव कर रहे समर्थकों को शांत कराना पड़ा।


मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद बढ़ता चला गया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई, जिसके चलते मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को मतगणना स्थगित करनी पड़ी। घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा अपने प्रत्याशी को हारता देख बौखला गई और उसके कुछ नेताओं व समर्थकों ने मतगणना स्थल पर जानबूझकर हंगामा खड़ा किया।


कापड़ी ने कहा कि भाजपा के इशारे पर माहौल बिगाड़ा गया, जिससे निष्पक्ष मतगणना बाधित हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक मशीनरी पर भी दबाव बनाया गया, जिसके कारण स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

कांग्रेस विधायक ने इस पूरे प्रकरण में शामिल अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

भुवन चंद्र कापड़ी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार बदलते ही वह स्वयं हाईकोर्ट जाएंगे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। वहीं इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार जारी है।

फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शेष मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

