खटीमा में 120 एकड़ खड़ी फसल रौंदे जाने का आरोप, विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने की उच्चस्तरीय कार्रवाई की मांग

खटीमा में 120 एकड़ खड़ी फसल रौंदे जाने का आरोप, विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने की उच्चस्तरीय कार्रवाई की मांग

लोकेशन : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद ऊधम सिंह नगर के सीमांत क्षेत्र खटीमा के दमगढ़ा इलाके में 120 एकड़ भूमि पर ट्रैक्टर चलाकर खड़ी फसल को कथित रूप से जानबूझकर बर्बाद किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और किसानों में भारी रोष देखा जा रहा है।

मामले को गंभीर बताते हुए खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड, डीजीपी, मुख्य सचिव के साथ ही प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब खटीमा का शासन-प्रशासन ही इस तरह का रवैया अपना रहा है, तो आम लोगों को न्याय मिलने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि खटीमा प्रशासन और पुलिस न्यायालय के आदेश प्रस्तुत किए बिना ही जबरन खेत जोतवा रहे हैं। बिना किसी पूर्व सूचना के किसानों की खड़ी फसल को ट्रैक्टर से नष्ट कर दिया गया, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

वहीं इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कश्मीर सिंह नामक व्यक्ति यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि नैनीताल उच्च न्यायालय में किरण तलवार से जुड़ा मामला खारिज हो चुका है और उसके पास पावर ऑफ अटॉर्नी है। वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि जिस भूमि पर खेती की जा रही थी, वहां इस बार गेहूं की फसल हल्की थी, इसलिए उसे जोत दिया गया।

हालांकि, प्रत्यक्ष वीडियो और स्थानीय लोगों के अनुसार खेतों में गन्ना और गेहूं की खड़ी फसल साफ तौर पर दिखाई दे रही है, जिसे ट्रैक्टर से नष्ट किया गया। इसी को लेकर सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि यदि फसल नहीं थी, तो फिर खेतों में गन्ना और गेहूं की फसल कैसे दिखाई दे रही है।

इस पूरे प्रकरण को लेकर अब निगाहें सरकार के रुख पर टिकी हैं कि किसानों की फसल बर्बादी के इस मामले में शासन और प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।