
लोकेशन : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट
हल्द्वानी नगर निगम परिसर में सफाई कर्मचारी संघ अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 16 दिनों से धरने पर बैठा हुआ है, लेकिन अब तक नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।


सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन उनके मुद्दों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।


धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन का रवैया सफाई कर्मचारियों के प्रति लगातार उपेक्षापूर्ण रहा है। कई बार ज्ञापन और बातचीत के प्रयास किए गए, लेकिन प्रशासन ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।


सफाई कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो संघ कार्य बहिष्कार का ऐलान करेगा। ऐसी स्थिति में नगर निगम के कार्यक्षेत्र में कहीं भी सफाई सहित अन्य कार्य नहीं होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

धरने के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता की रीढ़ हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर जल्द वार्ता कर समाधान निकालने की अपील की है।

इस मौके पर सफाई कर्मचारी संघ से जुड़े चमन श्याम, कपिल, प्रशांत, जगपाल, सुभाष गब्बर, अमर, मनजीत सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। धरना स्थल पर लगातार कर्मचारियों की उपस्थिति बनी हुई है और आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।


