
लोकेशन : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट
बीती गुरुवार की रात खटीमा में शराब के साथ जहरीला पदार्थ सेवन करने से हुई दो मौतों और एक व्यक्ति की गंभीर हालत के मामले में पुलिस प्रशासन ने सघन जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित शराब भट्टी को सील कर दिया है, वहीं जिलाधिकारी के निर्देश पर मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।


गौरतलब है कि बीती बुधवार की रात भाजपा नेता एवं नगर के प्रसिद्ध जानकी मंडप के स्वामी ढिल्लू सिंह राणा, समाजसेवी मलकीत सिंह राणा और अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि तीनों ने शराब के साथ किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई।


घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों द्वारा तीनों को खटीमा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ढिल्लू सिंह राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं मलकीत सिंह राणा और अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। सूत्रों के अनुसार उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मौत हो गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी स्थानीय प्रशासन द्वारा नहीं की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों गुरुवार की रात एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कंजाबाग चौराहे पर स्थित शराब भट्टी से शराब की बोतल खरीदी और जानकी मंडप में बैठकर जैसे ही शराब पीना शुरू किया, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि जिस स्थान पर तीनों बैठे थे, वहां पानी की बोतल के स्थान पर किसी जहरीले पदार्थ की बोतल भी बरामद हुई है।

इस पूरे घटनाक्रम में साजिश या गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला लापरवाहीवश पानी की जगह जहरीले पदार्थ के सेवन का माना जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए हैं। इस जांच की जिम्मेदारी खटीमा के उप जिलाधिकारी तुषार सैनी को सौंपी गई है, जो पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

इस दुखद घटना से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं नगर में शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोग निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

