
स्थान- खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट -अशोक सरकार
ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा और अधिवक्ता मलकीत सिंह राणा की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। वहीं इस घटना में उनके साथ मौजूद अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों एक विवाह समारोह में शामिल होकर ग्राम सेजना के पास से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कंजाबाग स्थित शराब भट्टी से शराब की बोतल खरीदी और जानकी मंडप के पास बैठकर शराब पीनी शुरू की।


बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने शराब का सेवन किया, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा और अधिवक्ता मलकीत सिंह राणा को मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि जिस स्थान पर तीनों बैठकर शराब पी रहे थे, वहां पानी की बोतल के स्थान पर किसी जहरीले पदार्थ की बोतल भी बरामद हुई है। इस तथ्य के सामने आने के बाद पूरे मामले में साजिश या गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने शराब की बोतल और संदिग्ध जहरीले पदार्थ को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच आने के बाद ही हो सकेगी। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


