
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


नैनीताल के विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर एवं 21 वर्षीय अनूप्रिया नागर ने अपने परिजनों के साथ बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।


अनूप्रिया नागर को कम उम्र में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में पहचान मिली है। कैंची धाम पहुंचने पर उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए धाम की आध्यात्मिक महिमा का उल्लेख किया।




उन्होंने कहा कि श्री कैंची धाम देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन करना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।


इस दौरान अनूप्रिया नागर ने कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों को प्रशंसनीय बताया।



दर्शन के बाद फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फिल्म की सफलता, विषयवस्तु और उद्देश्य को लेकर भी चर्चा की गई।
अनूप्रिया नागर ने बताया कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने फिल्म को दर्शकों से मिल रहे समर्थन की जानकारी भी साझा की।




इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अनूप्रिया नागर, उनके परिजनों और सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता और अनूप्रिया नागर के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि श्री कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज का आशीर्वाद सभी पर बने रहने की कामना की।

