
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पाण्डे


श्री बद्रीनाथ धाम में धार्मिक सामग्री की दुकान संचालित करने वाले एक व्यापारी के खाते से साइबर ठगी के जरिए निकाले गए 32 हजार रुपये पुलिस की कार्रवाई के बाद वापस करा दिए गए। पीड़ित ने रकम वापस मिलने पर बद्रीनाथ पुलिस का आभार जताया है।


पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को श्री बद्रीनाथ धाम में शंख एवं अन्य धार्मिक सामग्री की दुकान चलाने वाले शिवा राव के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने साइबर धोखाधड़ी कर 32 हजार रुपये निकाल लिए थे।



खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही शिवा राव ने थाना श्री बद्रीनाथ पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई।


मामले की सूचना मिलते ही बद्रीनाथ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने संबंधित खातों की जानकारी जुटाई और ठगी की रकम को फ्रीज कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की।


इसके बाद पुलिस ने संबंधित बैंक और कंपनियों से लगातार संपर्क और पत्राचार किया। ठगी की रकम को पीड़ित के खाते में वापस कराने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी की गईं।
पुलिस की लगातार कार्रवाई और समन्वय के बाद साइबर ठगी के जरिए निकाली गई पूरी 32 हजार रुपये की धनराशि शिवा राव को वापस करा दी गई।



अपनी रकम वापस मिलने पर शिवा राव ने राहत की सांस ली। उन्होंने बद्रीनाथ पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस ने लोगों से साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की स्थिति में तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को सूचना देने की अपील की है, ताकि समय रहते रकम को सुरक्षित कराया जा सके।

