
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना



कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ रहे छात्र नेताओं और संभावित प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।


चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और कॉलेज प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव से जुड़े उम्मीदवारों के साथ बैठक की। बैठक में प्रत्याशियों को चुनाव से संबंधित नियमों और लिंगदोह समिति की सिफारिशों की जानकारी दी गई।




प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति या बाहरी छात्र को चुनावी गतिविधियों के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही कॉलेज परिसर में बिना अनुमति पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री लगाने पर भी रोक रहेगी।



अधिकारियों ने उम्मीदवारों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रचार निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाए। कॉलेज परिसर की व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को अनुमति नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



बैठक में नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग के अधिकारी और कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द के साथ प्रचार करने की अपील की।

वहीं कुछ छात्र नेताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। छात्रों का आरोप है कि चुनाव प्रचार से जुड़े पोस्टर लगाने को लेकर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या छात्रसंघ चुनाव में पोस्टर लगाना भी अपराध की श्रेणी में आता है और लगाए गए मुकदमों को लेकर उन्होंने विरोध दर्ज कराया।




नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस वर्ष छात्रसंघ चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को कॉलेज परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और चुनाव के दौरान किसी तरह का छात्रसंघ चुनावी जुलूस निकालने की अनुमति भी नहीं होगी।


एमबीपीजी कॉलेज को कुमाऊं की छात्र राजनीति का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्रों और प्रशासन दोनों की सक्रियता बढ़ गई है। अब आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के और तेज होने की संभावना है।

