गदरपुर में सियासी घमासान, विधायक अरविंद पांडे और बेटे को लेकर फिर गरमाया विवाद

गदरपुर में सियासी घमासान, विधायक अरविंद पांडे और बेटे को लेकर फिर गरमाया विवाद

स्थान – गदरपुर
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

उत्तराखंड भाजपा सरकार से जुड़े विवाद अभी पूरी तरह थमे भी नहीं थे कि एक बार फिर 65 गदरपुर विधानसभा से पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक अरविंद पांडे और उनके बेटे अतुल पांडे विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। मामला जनपद ऊधम सिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र का है, जहां सियासी हलचल तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गदरपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने विधायक अरविंद पांडे से जुड़े कई अहम राज उजागर करने का दावा किया। प्रेस वार्ता में उन्होंने विधायक पर भू-माफिया से जुड़े गंभीर आरोप लगाए, जिससे राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया।

इसी बीच उस समय सभी लोग हैरान रह गए, जब प्रेस वार्ता के दौरान अचानक विधायक अरविंद पांडे स्वयं कांग्रेस नेता सुमित्तर भुल्लर के आवास पर पहुंच गए।

विधायक की अचानक मौजूदगी से वहां मौजूद लोग हक्के-बक्के रह गए और मौके पर तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी भाजपा विधायक अरविंद पांडे का एक बयान काफी चर्चा में रहा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि उन पर लगे भू-माफिया के आरोप सिद्ध हो जाते हैं, तो वे उत्तराखंड की जनता के सामने कभी अपना मुंह नहीं दिखाएंगे। अब यूथ कांग्रेस द्वारा लगाए गए ताजा आरोपों के बाद यह बयान फिर से सियासी बहस का केंद्र बन गया है।

मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज है। एक ओर कांग्रेस नेता आरोपों को लेकर हमलावर हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा खेमे में भी हलचल देखी जा रही है। पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि आने वाले दिनों में इस विवाद के और तूल पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।