हरिद्वार में आज वीवीआईपी कार्यक्रम, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी होंगे शामिल

हरिद्वार में आज वीवीआईपी कार्यक्रम, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी होंगे शामिल

लोकेशन : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धार्मिक नगरी हरिद्वार आज एक बड़े आध्यात्मिक और राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज हरिद्वार पहुंचकर सप्त ऋषि आश्रम में आयोजित गुरु समाधि एवं मूर्ति आवरण समारोह में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम गुरु समाधि समारोह का अंतिम और सबसे भव्य आयोजन माना जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह 11 बजे जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे 11:30 बजे सड़क मार्ग से सप्त ऋषि आश्रम के लिए रवाना होंगे।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संत सम्मेलन में भाग लेने हरिद्वार पहुंचेंगे और संत-महात्माओं के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भी गुरु समाधि स्थल पर पहुंचकर संतों का आशीर्वाद ग्रहण करेंगी। देशभर से पहुंचे संतों और धर्माचार्यों की मौजूदगी में गुरु समाधि समारोह का भव्य समापन किया जाएगा।

देश की शीर्ष राजनीतिक हस्तियों की उपस्थिति से इस धार्मिक आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिल रही है। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भारत माता मंदिर और सप्त ऋषि आश्रम क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है।

रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सप्त ऋषि आश्रम के आसपास सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।