चोरी की बाइक के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, नेपाल बेचने की थी तैयारी

चोरी की बाइक के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, नेपाल बेचने की थी तैयारी

स्थान – खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की बाइक को बेचने के लिए नेपाल ले जाने की तैयारी में था।

सीओ खटीमा नीरज सेमवाल ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई में अब तक करीब 10 से 12 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी हैं।

पुलिस के मुताबिक पहेनिया-सैजना रोड पर निर्माणाधीन पुलिया के पास चेकिंग के दौरान सुजिया की ओर से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर वापस भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पुलिस ने युवक को मौके पर पकड़ लिया।

जांच के दौरान बाइक काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मिली, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने चेसिस नंबर के आधार पर वाहन का विवरण जांचा तो उसका पंजीकरण नंबर UK-06-BB-2646 सामने आया।

पुलिस के अनुसार जांच में बाइक ग्राम बानूसी निवासी राजकपूर सिंह के नाम पर पंजीकृत पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की और वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी प्रियांशु राणा ने 10 सितंबर की रात बानूसी में वाहन स्वामी के घर के आंगन से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर तालाब में फेंकने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइक को बेचने के उद्देश्य से नेपाल ले जाने की तैयारी में था। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई की है।

आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। खटीमा पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चेकिंग और धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।