
स्थान – जसपुर
रिपोर्टर – प्रदीप श्रीवास्तव

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ नादेही चीनी मिल पहुंचे। यहां उन्होंने चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक राजवीर सिंह चौधरी से वार्ता कर आगामी पेराई सत्र की तैयारियों की जानकारी ली।


भाकियू पदाधिकारियों ने मिल परिसर में चल रहे तकनीकी कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान मशीनों, मरम्मत कार्य और पेराई सत्र से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।



प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता ने मांग की कि चीनी मिल को हर हाल में एक नवंबर तक शुरू कर दिया जाए, ताकि किसानों को गन्ना सप्लाई में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि पेराई सत्र शुरू होने में देरी होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए मिल प्रशासन समय रहते सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी करे।

भाकियू नेताओं ने गन्ना तौल केंद्रों पर किसानों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि तौल प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसानों को अनावश्यक इंतजार या असुविधा न झेलनी पड़े।
इसके साथ ही किसान नेताओं ने केन यार्ड की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों के वाहनों की आवाजाही, गन्ना उतारने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने की मांग की।


चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक राजवीर सिंह चौधरी ने बताया कि मिल में लगभग 70 प्रतिशत तकनीकी कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तेजी से पूरा कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर पेराई सत्र का शुभारंभ निर्धारित समय के भीतर करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं भाकियू ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित में मिल संचालन और तौल व्यवस्था पर संगठन लगातार नजर बनाए रखेगा।

