
लोकेशन : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट
समाजसेवी एवं जनजाति समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं उनके साथ मौजूद अधिवक्ता प्रवेश मौर्य और मलकीत राणा की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों एक विवाह समारोह से ग्राम सेजना के पास से लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने कंजाबाग स्थित शराब भट्टी से शराब की बोतल खरीदी और जानकी मंडप में बैठकर जैसे ही पहला पैक लिया, उसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।


आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा को मृत घोषित कर दिया।


सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, जिस स्थान पर तीनों शराब पी रहे थे, वहां पानी की बोतल के स्थान पर किसी जहरीले पदार्थ की बोतल भी मिली है। इससे पूरे मामले में साजिश या गंभीर लापरवाही की आशंका गहराती जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदिग्ध बोतल और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

भाजपा नेता की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


