
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए स्वर्गीय जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि गिरिजा शंकर जोशी को इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जोशी हर समय सक्रिय रहने और निरंतर अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले व्यक्ति थे। उनका असमय निधन अत्यंत दुखद है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी के निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने इसे सूचना विभाग, मीडिया जगत और प्रदेश के लिए बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि जोशी ने अपने कार्यों और व्यवहार से जो पहचान बनाई, वह हमेशा स्मरणीय रहेगी।


धामी ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में स्वर्गीय जोशी के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिवार को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गिरिजा शंकर जोशी के नाम और उनके कार्यों को आने वाले समय में स्मरणीय बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में बन रहे नवीन मीडिया सेंटर का नामकरण स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर किया जाए। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को स्थायी रूप देने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा और सभी की सहमति से उचित निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान सभा में मौजूद लोगों ने भी स्वर्गीय जोशी के व्यक्तित्व और कार्यों को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

