
ब्यूरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा 2026 के दूसरे चरण के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 15 सितंबर से शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (युकाडा) ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शटल सेवा के साथ चारों धामों के लिए चार्टर हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू होगी।


युकाडा की प्रेसवार्ता में आलोक जैन ने बताया कि दूसरे चरण की हेली सेवा के टिकटों को लेकर यात्रियों में भारी उत्साह देखने को मिला है। 7 सितंबर को सुबह 11 बजे टिकट बुकिंग शुरू हुई और शाम 6 से 7 बजे तक अधिकांश टिकट बिक गए।



उन्होंने बताया कि केवल 15 सितंबर की उड़ानों के लिए करीब 8,900 टिकटों की बिक्री हुई है। इससे साफ है कि चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेना चाहते हैं।


आलोक जैन ने बताया कि 22 सितंबर की उड़ानों के लिए टिकट आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर सुबह 11 बजे जारी किए जाएंगे। वहीं एक से 15 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए बुकिंग बाद में खोली जाएगी, ताकि यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

केदारनाथ हेली सेवा को लेकर उन्होंने कहा कि टिकट बुकिंग संभव है, लेकिन उपलब्धता बेहद सीमित है। मौसम और उड़ान की स्थिति अनुकूल होने पर ही उसी दिन सीमित संख्या में टिकट उपलब्ध हो पाते हैं।
उन्होंने बताया कि सिरसी से दो और फाटा क्षेत्र से चार ऑपरेटर हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित कर रहे हैं। पवन हंस को भी पैनल में शामिल किया गया था, लेकिन पिछले यात्रा सीजन में उसने सेवाओं में भाग नहीं लिया था।



ब्लैक टिकटिंग और एक साथ बड़ी संख्या में टिकट बुक होने के सवाल पर आलोक जैन ने कहा कि आईआरसीटीसी बुकिंग से संबंधित विस्तृत डेटा युकाडा के साथ साझा नहीं करता। अलग-अलग स्थानों से कई ग्रुप एक साथ बुकिंग करते हैं तो वेबसाइट पर लोड बढ़ने की स्थिति बनती है।
युकाडा ने यात्रियों से अपील की है कि हेलीकॉप्टर टिकट केवल आईआरसीटीसी के आधिकारिक पोर्टल से ही बुक करें और किसी एजेंट या अनधिकृत माध्यम के झांसे में न आएं। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित हेली सेवा संचालन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

