
स्थान -नानकमत्ता/खटीमा/ उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। इसी क्रम में नानकमत्ता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खटीमा नीरज सेमवाल के नेतृत्व में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 सितंबर को प्रतापपुर चौकी क्षेत्र में कार्रवाई की गई।



पुलिस टीम ने जोगीठोर, प्रतापपुर नंबर-7 क्षेत्र में दबिश देकर सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा, निवासी जोगीठोर, प्रतापपुर नंबर-7 को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद होने का दावा किया गया है।


पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से काले रंग के प्लास्टिक जेरकिन में 50 लीटर और पीले प्लास्टिक के डिब्बे में 20 लीटर कच्ची शराब मिली। इस तरह कुल 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

इसके साथ ही मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले ड्रम, भगोना, पाइप और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़ा हुआ था।

मामले में कोतवाली नानकमत्ता में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक राजेंद्र पंत, अपर उप निरीक्षक भगवान राम, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी और कांस्टेबल दिनेश चंद्र शामिल रहे।


इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि खटीमा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब का कारोबार जारी रहने के बावजूद आबकारी विभाग अपेक्षित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। हालांकि इस संबंध में आबकारी विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।
नानकमत्ता पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी और सतर्कता बढ़ाने की बात कही है, वहीं अब नजर इस बात पर भी रहेगी कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग किस स्तर पर कार्रवाई करता है।

