सीमैप का किसान मेला आयोजित, औषधीय-सुगंध पौधों की खेती पर मिला नया ज्ञान

सीमैप का किसान मेला आयोजित, औषधीय-सुगंध पौधों की खेती पर मिला नया ज्ञान

लोकेशन – लालकुआँ
रिपोर्टर – मुन्ना अंसारी

केंद्रीय औषधि एवं सुगंध पौधा संस्थान (सीमैप) द्वारा किसान मेले का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड सहित कई राज्यों से सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेले का उद्देश्य किसानों को औषधीय और सुगंध पौधों की खेती से जुड़ी नवीनतम तकनीकों और आय के नए अवसरों से अवगत कराना रहा।

किसान मेले के दौरान औषधीय-सुगंध पौधों से संबंधित नवीनतम कृषि प्रसंस्करण तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही किसान-वैज्ञानिक परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और विशेषज्ञों से खेती से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त किए।

मेले में औषधीय एवं सुगंध पौधों का प्रदर्शन किया गया, वहीं गुलाब जल और अगरबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा औषधीय और सुगंध पौधों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को विभिन्न पौधों की जानकारी और उनकी व्यावसायिक संभावनाओं से अवगत कराया गया।

स्टॉलों के माध्यम से यह भी बताया गया कि किस प्रकार सुगंध पौधों की खेती कर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। गोष्ठी के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों से सुझाव लिए और नई तकनीकों से खेती करने के लाभ और विशेषताओं को विस्तार से समझाया।

सीमैप द्वारा आयोजित यह किसान मेला किसानों के लिए ज्ञानवर्धक और लाभकारी साबित हुआ, जिससे उन्हें औषधीय और सुगंध पौधों की खेती को अपनाने की दिशा में नई प्रेरणा मिली।