हरिद्वार में वीवीआईपी धार्मिक आयोजन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने की सहभागिता

हरिद्वार में वीवीआईपी धार्मिक आयोजन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने की सहभागिता

लोकेशन : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धार्मिक नगरी हरिद्वार में आज एक ऐतिहासिक और भव्य आध्यात्मिक आयोजन देखने को मिला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरिद्वार पहुंचे और सप्त ऋषि आश्रम में आयोजित गुरु समाधि एवं मूर्ति आवरण समारोह में सहभागिता की।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। देश की शीर्ष राजनीतिक हस्तियों की उपस्थिति से यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व का केंद्र बन गया है।

सप्त ऋषि आश्रम में आज गुरु समाधि और मूर्ति आवरण समारोह का अंतिम और सबसे भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहा है। देशभर से आए संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

वीवीआईपी आगमन को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। भारत माता मंदिर और सप्त ऋषि आश्रम क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया। रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते सप्त ऋषि आश्रम के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा गया, वहीं प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते कार्यक्रम सुचारु रूप से आगे बढ़ता नजर आया।