
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट
पिछले दिनों हुए विमान हादसे में दिवंगत महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियों का आज धर्मनगरी हरिद्वार में विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जन किया गया। शनिवार सुबह राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष धीरज शर्मा अजित पवार की अस्थियां लेकर हरिद्वार के वीआईपी घाट पहुंचे, जहां उनके पारिवारिक पुरोहित अभिषेक झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अस्थि विसर्जन संपन्न कराया।


गंगा तट पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धा और भावुकता का माहौल देखने को मिला। अस्थि विसर्जन में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी मौजूदगी रही, जिन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष धीरज शर्मा ने बताया कि पार्टी ने अजित पवार की स्मृति में एक भव्य अस्थि कलश यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। इस यात्रा का विधिवत शुभारंभ आज हरिद्वार में गंगा तट से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया है।


उन्होंने जानकारी दी कि यह अस्थि कलश यात्रा हरिद्वार से शुरू होकर काशी, मध्यप्रदेश में नर्मदा नदी, गुजरात में साबरमती और जम्मू-कश्मीर में चेनाब नदी तक जाएगी। इसके बाद यात्रा दक्षिण भारत के रामेश्वरम और कन्याकुमारी तक पहुंचेगी, जहां विभिन्न पवित्र नदियों में दिवंगत नेता की अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा।

धीरज शर्मा ने कहा कि अजित पवार की विचारधारा को मानने वाले लोग पूरे देश में फैले हुए हैं। इस यात्रा के माध्यम से उन सभी कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों को उनके अंतिम दर्शन का अवसर दिया जाएगा, जो उनसे गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं।


उन्होंने कहा कि यह अस्थि कलश यात्रा न केवल श्रद्धांजलि का माध्यम है, बल्कि अजित पवार के विचारों और योगदान को देशभर में जन-जन तक पहुंचाने का भी प्रयास है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत नेता को नमन करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


