भारत माता मंदिर में तीन दिवसीय समारोह का दूसरा दिन, कई राष्ट्रीय हस्तियां होंगी शामिल

भारत माता मंदिर में तीन दिवसीय समारोह का दूसरा दिन, कई राष्ट्रीय हस्तियां होंगी शामिल

स्थान –हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार स्थित भारत माता मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय भव्य समारोह का आज दूसरा दिन है। गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की समाधि और मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के तहत आयोजित इस समारोह में आज देश की कई प्रमुख और राष्ट्रीय स्तर की हस्तियों की शिरकत होने जा रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से शामिल होंगे। वहीं बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।

इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी आयोजन में सहभागिता करेंगे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में पहुंचकर गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि को नमन करेंगे।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार की उपस्थिति भी तय है। इन सभी गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी से आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिल रही है।

भारत माता मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का विशेष वातावरण बना हुआ है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच रहे हैं और कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।

तीन दिवसीय आयोजन को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

मंदिर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है और ट्रैफिक व भीड़ प्रबंधन को लेकर भी सख्त व्यवस्था लागू की गई है।