खटीमा व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना में हंगामा, एसडीएम ने संभाला मोर्चा

खटीमा व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना में हंगामा, एसडीएम ने संभाला मोर्चा

स्थान- खटीमा

रिपोर्ट- अशोक सरकार

उधम सिंह नगर जनपद के सीमांत खटीमा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार 4 फरवरी को संपन्न हुए उद्योग व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना के दौरान देर शाम भारी हंगामा हो गया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि खटीमा के उप जिलाधिकारी तुषार सैनी को स्वयं हाथ में डंडा लेकर उपद्रव कर रहे समर्थकों को शांत कराना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मतगणना के दौरान जैसे ही कुछ प्रत्याशियों के हारने की स्थिति स्पष्ट होने लगी, वैसे ही उनके समर्थकों और कुछ नेताओं द्वारा मतगणना स्थल पर हंगामा शुरू कर दिया गया। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को मतगणना स्थगित करनी पड़ी।

हंगामे के चलते शेष बची तीन मतपेटियों को मतगणना स्थल के एक कमरे में रखकर सील कर दिया गया। इन मतपेटियों की सुरक्षा के लिए प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा पहरा देने पर आपसी सहमति बनाई गई। फिलहाल अध्यक्ष पद और मंत्री पद के प्रत्याशियों की मतगणना अभी शेष है, जबकि कोषाध्यक्ष पद की मतगणना पूरी हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि कोषाध्यक्ष पद की मतगणना पूरी होते ही एक पक्ष के समर्थकों ने परिणाम पर असंतोष जताते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि एसडीएम तुषार सैनी को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा और डंडा लेकर उपद्रवियों को नियंत्रित करना पड़ा।

घटना से आक्रोशित समर्थक नगर के मुख्य चौक पर एकत्र हो गए और जमकर नारेबाजी की। इससे नगर क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।

वर्तमान तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने मतगणना स्थल के साथ-साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

वहीं इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शेष मतगणना को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।