
स्टेशन – बाजपुर
रिपोर्ट – सलीम रज़ा
दोराहा चौकी क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गांव महेशपुरा की एक महिला पिछले छह महीनों से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है।


पीड़िता का आरोप है कि उसने बैंक से लोन लिया था, जिसकी रकम उसके खाते में आई थी। लोन की राशि चेक कराने के लिए

जब वह गांव महेशपुर स्थित एक बैंक के बीसी सेंटर संचालक के पास गई, तो उसने अंगूठा लगवाकर धोखे से उसके खाते से लाखों रुपये निकाल लिए।

महिला ने बताया कि इस संबंध में वह दोराहा चौकी, बाजपुर कोतवाली, क्षेत्राधिकारी, एसएसपी और मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायत दर्ज करा चुकी है,


लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि दोराहा चौकी में तैनात एक कांस्टेबल ने उससे मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर 10 हजार रुपये ले लिए, इसके बावजूद केस दर्ज नहीं किया गया।

लगातार उपेक्षा और कार्रवाई न होने से निराश महिला ने बुधवार को एसडीएम बाजपुर के कार्यालय पर धरना दिया। मौके पर पहुंचीं एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने महिला को समझाया और मामले की जांच का आश्वासन देते हुए उसे कोतवाली भेज दिया।

अब सवाल यह है कि इतने गंभीर आरोपों और लंबे समय से लंबित शिकायतों के बावजूद पुलिस इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई करती है,

या फिर पीड़िता को यूं ही दर-दर भटकना पड़ेगा। यह मामला न सिर्फ साइबर और बैंकिंग धोखाधड़ी, बल्कि पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

