
स्टेशन – बाजपुर
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू
नगर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बाजपुर पुलिस ने बुधवार को सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।


कोतवाल नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कोतवाली के सामने से मुंडिया तिराहे तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया।

अभियान के दौरान दुकानदारों और ठेला-रेड़ी संचालकों द्वारा सड़क पर फैलाया गया सामान हटाया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 30 से 35 वाहनों के चालान काटे गए,

जबकि गलत तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के ऑनलाइन चालान भी किए गए। अतिक्रमण में प्रयुक्त सामान को जब्त किए जाने से व्यापारियों और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया।


पुलिस ने नगर क्षेत्र में मौजूद पक्के अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए संबंधित व्यापारियों को 15 दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया

कि निर्धारित समय सीमा में यदि अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया तो संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

रामराज रोड से लेकर अनाज मंडी क्षेत्र तक अभियान की सूचना सोशल मीडिया पर फैलते ही कई व्यापारियों ने अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान स्वयं हटाना शुरू कर दिया, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभियान से पूर्व कोतवाली परिसर में कोतवाल नरेश चौहान ने पुलिसकर्मियों और चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

