
स्थान – पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट
पौड़ी जनपद के चरण गांव में जंगली जानवरों का खतरा लगातार बना हुआ है। सोमवार सुबह गांव के समीप एक भालू ने युवक पर अचानक हमला कर दिया। भालू युवक को झाड़ियों की ओर खींच ले गया, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया, जिससे युवक की जान बच सकी।


हमले में घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पौड़ी लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। जिला अस्पताल के डॉक्टर विकासदीप ने बताया कि युवक को हल्की चोटें आई हैं और उसकी हालत पूरी तरह सामान्य है। एहतियात के तौर पर उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है।

घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण विनोद धनुषी ने बताया कि क्षेत्र में पहले से ही गुलदार और भालू की दहशत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वन विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिनों से क्षेत्र में भालू की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी। सोमवार को हुए इस हमले के बाद लोगों का डर और बढ़ गया है, खासकर सुबह-शाम खेतों और जंगल की ओर जाने वाले ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जंगली जानवरों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस मामले पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने कहा कि जहां भी इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहां जिलाधिकारी द्वारा वन विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जंगली जानवरों से लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


प्रशासन और वन विभाग से ग्रामीणों ने जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

