कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री पर औषधि विभाग की सख्त कार्रवाई

कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री पर औषधि विभाग की सख्त कार्रवाई

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री को लेकर औषधि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग की टीम ने विकासनगर, डाकपत्थर एवं सेलाकुई क्षेत्र में स्थित विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जिससे मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में औषधियों के क्रय-विक्रय से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों में खामियां सामने आईं, जिसे औषधि विभाग ने नियमों का उल्लंघन माना।

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित मेडिकल प्रतिष्ठान के औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

औषधि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोडीन युक्त कफ सिरप का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है, जिसे रोकना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों को भी कड़ी हिदायत दी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी मेडिकल स्टोर केवल पंजीकृत एवं लाइसेंसधारी थोक विक्रेताओं से ही दवाइयों की खरीद करें और बिक्री से जुड़े सभी रिकॉर्ड विधिवत संधारित रखें।

औषधि विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों पर न केवल लाइसेंस निलंबन बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि अवैध दवा बिक्री और नशे पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।