
स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट
शिवाजी नगर में प्रीति रावत की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया देसी तमंचा एम्स के पास स्थित बाबा काली कमली के बगीचे से बरामद कर लिया है। तमंचे के अंदर ही गोली का खोखा भी फंसा हुआ मिला है, जिससे मामले में अहम सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं।


इसके साथ ही हत्या के बाद फरार होने के लिए आरोपी सुरेश गुप्ता द्वारा इस्तेमाल की गई स्कूटी भी पुलिस ने बरामद कर ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश गुप्ता को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की अग्रिम जांच में जुटी हुई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी सुरेश गुप्ता लगातार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल हत्या में इस्तेमाल देसी तमंचे की बरामदगी को लेकर था, जिसे लेकर आरोपी लगातार टालमटोल कर रहा था।

एसपी देहात ने बताया कि जब पुलिस ने सख्ती बरती तो आरोपी टूट गया और उसने खुद मौके पर जाकर हत्या में इस्तेमाल किए गए तमंचे की बरामदगी करवाई। यह देसी तमंचा एम्स के पास बाबा काली कमली के बगीचे से बरामद किया गया।


पुलिस के अनुसार, सुरेश गुप्ता ने प्रीति रावत की हत्या करने के बाद स्कूटी से ऋषिकेश की ओर जाते समय तमंचे को बाबा काली कमली के बगीचे में फेंक दिया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि पुलिस की सतर्कता से यह हथियार बरामद कर लिया गया।

अब पुलिस का फोकस सुरेश गुप्ता को देसी तमंचा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति पर है। एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को एक नाम बताया है, जिसकी तस्दीक की जा रही है। जल्द ही तमंचा सप्लाई करने वाले आरोपी की भी गिरफ्तारी किए जाने का दावा किया गया है।


एसपी ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर सुरेश गुप्ता की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) लेकर उससे और गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि इस पूरे हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं और साजिश की पूरी परतें खोली जा सकें।

