पुलिस में सख़्ती की नई लहर, एम्स चौकी प्रभारी निलंबित

पुलिस में सख़्ती की नई लहर, एम्स चौकी प्रभारी निलंबित

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड पुलिस में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख़्ती की नई लहर देखने को मिली है। ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में लापरवाही बरतने पर एम्स चौकी प्रभारी उप निरीक्षक (SI) साहिल वशिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ के सख़्त रुख के बाद की गई है। डीजीपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी गंभीर अपराध में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

महिला की हत्या की इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। जांच में सामने आया कि समय रहते आवश्यक कार्रवाई और समुचित निगरानी में चूक हुई, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही माना।

डीजीपी दीपम सेठ ने साफ शब्दों में कहा कि गंभीर अपराधों में लापरवाही पुलिस की कार्यप्रणाली और भरोसे को कमजोर करती है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने दोहराया कि पुलिस की विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आम जनता का पुलिस पर विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए अनुशासनहीनता या लापरवाही पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि ड्यूटी में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के लिए अब कोई रियायत नहीं होगी। साथ ही, इससे पुलिस बल में जिम्मेदारी और सतर्कता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।