पौड़ी गढ़वाल: सामाजिक-राजनीतिक व्यक्तित्व नरेंद्र सिंह रावत ‘कुट्टी भाई’ का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

पौड़ी गढ़वाल: सामाजिक-राजनीतिक व्यक्तित्व नरेंद्र सिंह रावत ‘कुट्टी भाई’ का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

स्थान – पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

पौड़ी गढ़वाल जनपद के तरपाली सेंड क्षेत्र से आज एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। क्षेत्र के जाने-माने सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तित्व नरेंद्र सिंह रावत ‘कुट्टी भाई’ का आज आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और हर वर्ग के लोग गहरे दुःख में डूब गए।

नरेंद्र सिंह रावत ‘कुट्टी भाई’ एक हंसमुख, मिलनसार और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने सरल और सामान्य जीवन से आगे बढ़ते हुए समाज और संगठन में एक विशिष्ट पहचान बनाई। मूल रूप से पैठणी के राठ क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले कुट्टी भाई ने भारतीय जनता पार्टी के संगठन में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण उन्हें अन्य कार्यकर्ताओं से अलग पहचान दिलाता था।

कुट्टी भाई केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं थे, बल्कि वे समाज के हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहने वाले व्यक्ति थे। हजारों लोगों से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव था और वे हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनका सरल स्वभाव, सकारात्मक सोच और अपनापन उन्हें जन-जन का प्रिय बनाता था।

उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में कठिन मानी जा रही है। आज भले ही नरेंद्र सिंह रावत ‘कुट्टी भाई’ शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, सामाजिक योगदान और स्मृतियां हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

उनकी अंतिम शव यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पौड़ी जिला अध्यक्ष कमल सिंह रावत, पाबौ मंडल अध्यक्ष विमल सिंह नेगी, पैठाणी मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण, उत्तराखंड कोऑपरेटिव समिति के अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, मनवर सिंह रावत, राजेंद्र रौथाण, अरुण पंत, राजेश चमोली, लखपत सिंह भंडारी, यशपाल बेनाम सहित तमाम क्षेत्रवासियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

नरेंद्र सिंह रावत ‘कुट्टी भाई’ का जाना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। क्षेत्रवासियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।