मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म ‘जलमभूमि’ के पोस्टर का किया विमोचन, फिल्म उद्योग को बताया राज्य की नई पहचान

मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म ‘जलमभूमि’ के पोस्टर का किया विमोचन, फिल्म उद्योग को बताया राज्य की नई पहचान

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फिल्म “जलमभूमि” के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक श्री के. राम नेगी एवं पूरी फिल्म टीम को शुभकामनाएं देते हुए फिल्म की सफलता की कामना की। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म आगामी 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

पोस्टर विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “जलमभूमि” जैसी फिल्में समाज से जुड़े महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक संदेश देने और सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान करने का सशक्त माध्यम भी है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श राज्य बताते हुए कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, विविध भौगोलिक परिस्थितियां, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण उत्तराखंड को फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में उत्तराखंड तेजी से एक पसंदीदा फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई फिल्म नीति को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा गया है। इसके तहत फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से त्वरित और सरल अनुमति प्रदान की जा रही है। शूटिंग से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी, आसान और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे निर्माताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार फिल्म शूटिंग पर सब्सिडी देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा स्थानीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि परिषद के माध्यम से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म मानचित्र पर स्थापित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फीचर फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्मों के निर्माण को भी राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि फिल्म नीति का उद्देश्य केवल शूटिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय रोजगार सृजन, अर्थव्यवस्था को गति और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करना भी शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड फिल्म उद्योग के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने एक बार फिर फिल्म “जलमभूमि” की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी सिनेमा और रचनात्मक उद्योगों को हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।