
स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट
आज माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। पुण्य अर्जित करने की कामना के साथ देश-भर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंच रहे हैं। सुबह से ही हर की पैड़ी पर गंगा स्नान करने वालों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।


माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन मां गंगा में स्नान करने से पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालु तड़के ही हर की पैड़ी और आसपास के घाटों पर पहुंचने लगे।


हर की पैड़ी पर “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगा” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।


श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और घाटों पर निगरानी के लिए प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं।

हर की पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है और लगातार अनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्नान करने की अपील की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीम और आपदा प्रबंधन दल भी मौके पर मौजूद हैं।

प्रशासन का अनुमान है कि दिन चढ़ने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक कई लाख श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंच सकते हैं।

माघ पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर हरिद्वार पूरी तरह श्रद्धा, भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है। गंगा स्नान के साथ-साथ श्रद्धालु दान-पुण्य कर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं, जिससे धर्मनगरी में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

