खटीमा के दमगढ़ा गांव में 120 एकड़ फसल रौंदे जाने का आरोप, प्रशासन पर मिलीभगत का संदेह

खटीमा के दमगढ़ा गांव में 120 एकड़ फसल रौंदे जाने का आरोप, प्रशासन पर मिलीभगत का संदेह

स्थान – खटीमा
रिपोर्टर – अशोक सरकार

खटीमा क्षेत्र के ग्राम दमगढ़ा में प्रशासन की कथित मिलीभगत से 120 एकड़ जमीन पर खड़ी फसल को ट्रैक्टरों से रौंदकर नष्ट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित जमींदार का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के उसकी जमीन पर जबरन कार्रवाई की गई। आरोप है कि प्रशासन ने कोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए जमीन पर कब्जा करा दिया, जबकि संबंधित आदेश का इस भूमि से कोई संबंध नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस कोर्ट आदेश को आधार बताया जा रहा है, वह किसी अन्य मामले से जुड़ा हुआ है और उसका दमगढ़ा की इस जमीन से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद खड़ी फसल को ट्रैक्टरों से कुचलकर भारी नुकसान पहुंचाया गया।

पीड़ित का आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई सुनियोजित साजिश के तहत की गई है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और कब्जा करने वाले लोगों की मिलीभगत शामिल है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामला सामने आने के बाद प्रशासन मीडिया से दूरी बनाए हुए नजर आया। अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है।

फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। लोग प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।