
स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट
हरिद्वार में शारदीय कांवड़ यात्रा की शुरुआत को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। इस पावन यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचते हैं।


शनिवार को कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर हरिद्वार और बिजनौर पुलिस के बीच एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की।


बताया गया कि यह शारदीय कांवड़ यात्रा 2 फरवरी से महाशिवरात्रि तक चलेगी, जिसमें कई लाख श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा जाएगा, जिससे कांवड़ियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में यह भी तय किया गया कि दोनों राज्यों की पुलिस के बीच लगातार समन्वय बना रहेगा। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे और शारदीय कांवड़ मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

