जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: कोट ब्लॉक में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: कोट ब्लॉक में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

स्थान – पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकासखंड कोट की न्याय पंचायत तेड़ी के अंतर्गत डांडा नागराजा प्रांगण में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों ने कुल 63 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 33 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

वहीं, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 157 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके साथ ही 21 ग्रामीणों के विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन भी भरवाए गए।

इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव ने कहा कि इस अभियान के तहत विभाग सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी पहुंचाया जा रहा है।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सराहना की।