सितारगंज में सीएलजी बैठक, अपराध नियंत्रण और सामुदायिक सौहार्द पर जोर

सितारगंज में सीएलजी बैठक, अपराध नियंत्रण और सामुदायिक सौहार्द पर जोर

स्थान – सितारगंज
रिपोर्टर – तनवीर अंसारी

सितारगंज पुलिस ने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पुलिस-जनता के बीच सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कमिटी लायजन ग्रुप (सीएलजी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीण और शहरी इलाकों में चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठीकरी पहरा मजबूत करने और पुलिस-आमजन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक सहयोग के बिना प्रभावी पुलिसिंग संभव नहीं है। सीएलजी सदस्यों से अपील की गई कि वे पुलिस की आंख और कान बनकर संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना दें।

बैठक में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को भी अहम बताया गया। सीएलजी सदस्यों को सलाह दी गई कि अपने क्षेत्रों में नए या संदिग्ध लोगों की जानकारी पुलिस तक अवश्य पहुंचाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

इसके अलावा यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन और जागरूकता अभियान से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

सांप्रदायिक सौहार्द और क्षेत्र में शांति बनाए रखने को लेकर भी बैठक में गंभीर मंथन हुआ। सभी से आपसी भाईचारे और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की सीएलजी बैठकें पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और भविष्य में भी ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।