
स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट
विकासनगर बाजार से देर शाम हाई वोल्टेज ड्रामे की तस्वीरें सामने आईं, जहां अचानक हुए हंगामे से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को स्थिति संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।


आरोप है कि नशे की हालत में आई-20 कार सवार दो युवकों ने डाकपत्थर रोड पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए कई मोटरसाइकिलों और एक चाउमिन की ठेली को टक्कर मार दी। इसके साथ ही दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे बाजार में भगदड़ जैसे हालात बन गए।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवकों का विरोध किया तो मौके पर हंगामा और बढ़ गया। हालात बिगड़ते देख दोनों युवक कार लेकर मौके से फरार हो गए और डाकपत्थर तिराहे के पास स्थित यात्रिक होटल के समीप पहुंच गए।


डाकपत्थर तिराहे पर पहुंचकर युवकों ने बीच सड़क कार खड़ी कर दोबारा हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों के साथ तीखी नोकझोंक और झड़प के चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और यातायात भी कुछ देर के लिए बाधित रहा।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवकों को थाने ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक ने पुलिस के सामने ही जमकर हंगामा किया और खुद को काबू में नहीं आने दिया।

युवक को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी पहुंचाया और स्थिति पर नियंत्रण पाया।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में आक्रोश है और उन्होंने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

