नरेंद्र मोदी को सत्ता संभाले 24 साल पूरे, पीएम ने याद की पहली शपथ

नरेंद्र मोदी को सत्ता संभाले 24 साल पूरे, पीएम ने याद की पहली शपथ

आज से ठीक 24 साल पहले, नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। यह वही दिन था जब उन्होंने सार्वजनिक जीवन में पहली बार किसी सरकार की कमान संभाली थी। तब से लेकर आज तक मोदी लगातार संवैधानिक पद पर बने हुए हैं — पहले 13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर 2014 से लगातार तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा करते हुए अपने 25वें वर्ष में प्रवेश को “जनता के आशीर्वाद की यात्रा” बताया। उन्होंने लिखा —

“2001 में आज ही के दिन, मैंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। देशवासियों के निरंतर आशीर्वाद से, मैं सरकार के मुखिया के रूप में अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा हूं। भारत की जनता के प्रति मेरी कृतज्ञता।”

मोदी ने लिखा कि उनकी पार्टी ने उन्हें बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मुख्यमंत्री पद की ज़िम्मेदारी सौंपी थी। उस समय गुजरात भूकंप, सूखे और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा था। उन्होंने कहा, “इन चुनौतियों ने जनता की सेवा और गुजरात के पुनर्निर्माण के संकल्प को और मजबूत किया।”


“गरीबों के लिए काम करो और कभी रिश्वत मत लेना” — मां की सीख को किया याद

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में अपनी मां की बात याद करते हुए लिखा कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तो उनकी मां ने उनसे कहा था —

“मुझे तुम्हारे काम की ज्यादा समझ नहीं है, लेकिन दो बातें चाहती हूं — एक, हमेशा गरीबों के लिए काम करना और दूसरा, कभी रिश्वत मत लेना।”

मोदी ने कहा कि उन्होंने जनता से भी वादा किया था कि जो भी करेंगे, वह नेक इरादे और आखिरी व्यक्ति की सेवा के भाव से करेंगे।


गुजरात से राष्ट्र निर्माण तक की यात्रा

प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि 2001 में जब उन्होंने सत्ता संभाली, तब गुजरात में बिजली और पानी की भारी कमी, कृषि मंदी और औद्योगिक ठहराव की स्थिति थी। लेकिन जनता के सहयोग से गुजरात को सुशासन का मॉडल बनाया गया, जिससे राज्य ने देशभर में नई पहचान बनाई।


2014 में प्रधानमंत्री पद तक का सफर

मोदी ने बताया कि 2013 में भाजपा ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया, उस समय देश भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और नीतिगत पंगुता से जूझ रहा था।
उन्होंने लिखा, “भारत को तब वैश्विक मंच पर एक कमजोर कड़ी के रूप में देखा जाता था, लेकिन जनता के विश्वास ने भाजपा को तीन दशकों बाद पूर्ण बहुमत देकर इतिहास रचा।”


“सेवा सर्वोच्च सम्मान है”

अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लिखा —

“अपने प्रिय राष्ट्र की सेवा करना सर्वोच्च सम्मान है। हमारे संविधान के मूल्यों को मार्गदर्शक मानते हुए, मैं आने वाले समय में विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए और अधिक परिश्रम करूंगा।”