रानीखेत में 1170 अग्निवीरों ने ली राष्ट्र रक्षा की शपथ, सोमनाथ मैदान में देशभक्ति का माहौल

रानीखेत में 1170 अग्निवीरों ने ली राष्ट्र रक्षा की शपथ, सोमनाथ मैदान में देशभक्ति का माहौल

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर: संजय जोशी

रानीखेत के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में शनिवार को देशभक्ति और गौरव का भव्य दृश्य देखने को मिला, जहां कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 1170 अग्निवीरों ने भारतीय सेना का हिस्सा बनते हुए राष्ट्र रक्षा की शपथ ली।

छह माह के कठिन सैन्य प्रशिक्षण के बाद आयोजित इस पासिंग आउट परेड में भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा इस अवसर पर जवानों के अनुशासन और समर्पण ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

बहादुरगढ़ द्वार से कदमताल करते हुए जैसे ही अग्निवीर परेड मैदान में पहुंचे, हजारों दर्शकों और परिजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया पूरा वातावरण उत्साह और गर्व से भर गया।

समारोह के दौरान धर्मगुरुओं ने सभी अग्निवीरों को मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई अंतिम पग भरते ही ये युवा आधिकारिक रूप से भारतीय सेना का हिस्सा बन गए।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने सम्मानित किया उन्होंने कहा कि सेना में सेवा का अवसर हर किसी को नहीं मिलता और यह सौभाग्य केवल चुनिंदा युवाओं को ही प्राप्त होता है।

समारोह में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने बच्चों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया माहौल में खुशी और भावनाओं का मिश्रण देखने को मिला।

समारोह के बाद जब नव-नियुक्त अग्निवीर अपने माता-पिता और परिजनों से मिले, तो कई परिवारों की आंखें नम हो गईं ब्रिगेडियर महादिक ने कहा कि देश को ऐसे युवाओं और उनके माता-पिता पर गर्व है, जिन्होंने राष्ट्र सेवा के लिए अपने बच्चों को समर्पित किया है।