

स्थान : खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार


खटीमा नगर क्षेत्र में नगर पालिका के डंपिंग जोन के पास मांस मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हिंसा तक पहुंच गया है मामले में नगर पालिका कर्मचारी ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


शिकायत में कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया था, जिसके बाद उस पर हमला किया गया आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।



इसी मामले में अवैध मांस परिवहन और स्वास्थ्य मानकों के उल्लंघन के आरोप भी सामने आए हैं कर्मचारी ने यह भी दावा किया है कि नगर पालिका वाहनों में बिना आवश्यक अनुमति और नियमों के मांस व पशु अवशेषों का परिवहन किया जा रहा था, जिसकी वह शिकायत कर रहा था।


शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा बिना कैनल शुल्क जमा किए और बिना चिकित्सा जांच के पशुओं का कटान किया जा रहा है साथ ही यह भी कहा गया है कि नगर पालिका की अनुमति और लाइसेंस के बिना मांस व्यापार और ढुलाई की गतिविधियां चल रही थीं।

इसके अलावा आरोप है कि मांस के अवशेष धार्मिक स्थलों के पास फेंके जाने से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, जिसके चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई मामले को लेकर विभिन्न संगठनों के बीच भी नाराजगी देखी गई है।


पुलिस ने कर्मचारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो, गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


प्रशासन ने कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी साथ ही डंपिंग व्यवस्था और मांस अपशिष्ट निस्तारण से जुड़ी प्रक्रियाओं की समीक्षा करने की बात भी कही गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

