साहिया में हिंदू सम्मेलन, एकजुटता और सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर

साहिया में हिंदू सम्मेलन, एकजुटता और सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर

स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के साहिया क्षेत्र में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जहां समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। जौनसार बावर क्षेत्र के मिनी स्टेडियम में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और हिंदू एकता का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में समाज के सामने अनेक चुनौतियां हैं, जिनका सामना संगठित और जागरूक समाज ही कर सकता है।

उन्होंने स्वदेशी जागरण, पर्यावरण संरक्षण और परिवार प्रबोधन जैसे विषयों पर जोर देते हुए जौनसार बावर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने की अपील की। उनका कहना था कि सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। लोक गायक सनी दयाल ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं नालंदा पब्लिक स्कूल, एलडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल और ड्रिंम पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में आचार्य विजय कृष्ण महाराज और महंत महेश स्वरूप ने भी संबोधित किया। उन्होंने सांस्कृतिक जागरण को राष्ट्र की मजबूती से जोड़ते हुए समाज को अपने मूल्यों और परंपराओं के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

सम्मेलन के दौरान सैकड़ों लोगों ने हिंदू एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन अमर सिंह चौहान ने किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सम्मेलन समाज में जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।