हरिद्वार में फर्जी वीआईपी बनकर घूम रहे युवक की अकड़ निकाली, मॉडिफाइड स्कॉर्पियो सीज

हरिद्वार में फर्जी वीआईपी बनकर घूम रहे युवक की अकड़ निकाली, मॉडिफाइड स्कॉर्पियो सीज

स्थान : हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद हरिद्वार में देर रात सिडकुल क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान एक फर्जी वीआईपी युवक की हनक उस समय उतर गई, जब पुलिस ने हूटर बजाते हुए आ रही एक मॉडिफाइड काली स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान दूर से तेज हूटर बजाती हुई स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। शक होने पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच में पाया गया कि गाड़ी में अवैध रूप से हूटर लगाया गया था और पुलिस जैसी लाल-नीली बत्ती भी फिट की गई थी।

इसके अलावा वाहन के शीशों पर ब्लैक फिल्म चढ़ी हुई थी और नंबर प्लेट तक गायब थी। नियमों के विरुद्ध किए गए इन बदलावों को देखकर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

मॉडिफाइड वाहन में अमन चौधरी नाम का युवक सवार था, जो कथित रूप से सड़कों पर हूटर बजाकर रौब दिखा रहा था। पूछताछ के दौरान युवक ने अकड़ते हुए पुलिस को बताया कि उसके पिता भी पुलिस विभाग में हैं।

युवक की इस टिप्पणी पर पुलिसकर्मियों ने उसे कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अवैध हूटर, फ्लैश लाइट और ब्लैक फिल्म लगाने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की वीआईपी संस्कृति का दुरुपयोग न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।